आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
आमला। बोरदेही के ग्राम जमदेही कला में जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जमकर लाठी, डंडे और तलवारें चली। करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायल को बैतूल रेफर किया गया है। जबकि अन्य लोग आमला अस्पताल से प्राथमिक उपचार लेकर घर लौट गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पूनम यादव ने बताया कि विवाद पारिवारिक जमीन का है। आठ दिन पहले पटवारी ने जमीन का बंटवारा किया था। इसके बाद उनके परिवार ने मक्का की बोवनी की। इसी दौरान जब वे खेत पहुंचे तो राजेश यादव, रंजीत यादव, गुनाराम यादव, राजवंशी, पवन ने बिना कारण विवाद शुरू कर दिया। अचानक विवाद के बाद वे हाथापाई पर उतारू हो गए और उन्होंने हथियारों से हमला भी कर दिया। हमले में सुरेश, सुबेर, दौलत, सदाराम की गंभीर चोट आई है.जिसमें सुरेश और सुबेर की गंभीर हालत को देखते उन्हें बैतूल रेफर किया है। इधर पुलिस मामले में जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।